पंजाब के तरनतारन की डीएसपी वाली गली से एक बेहद दर्दनाक और दिल को दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां ठेल से मोमोज और चाप खाने के कुछ ही घंटों बाद दो मासूम भाई-बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है। मृत बच्चों की पहचान 7 वर्षीय आरव और 5 वर्षीय दानिका के रूप में हुई है। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम बच्चों ने बाहर का खाना खाने की जिद की थी। बच्चों की जिद पर उनके पिता बाजार से मोमोज और चाप लेकर आए थे। दोनों भाई-बहनों ने बड़े शौक से यह खाना खाया। लेकिन देर रात अचानक दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। उनके शरीर पर लाल निशान उभर आए और उन्हें बेचैनी होने लगी। परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही दोनों मासूमों ने दम तोड़ दिया। इस अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। इलाके में लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और अगर किसी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिस रेहड़ी से मोमोज और चाप खरीदे गए थे, उस रेहड़ी संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही खाने के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जाने की बात कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चों की मौत फूड पॉइजनिंग से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में भय और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि बाजारों में बिकने वाले खुले खाने-पीने के सामान की नियमित जांच की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके। वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे शहर में इस घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।
