वैली ऑफ़ वर्ड्स साहित्य महोत्सव इस वर्ष 10वें संस्करण के अंतर्गत हिन्दी साहित्य सम्मेलन ‘साहित्य स्पृहा’ 22-23 अगस्त को मनाया जाएगा

Slider उत्तराखंड

देहरादून:
वैली ऑफ़ वर्ड्स साहित्य महोत्सव इस वर्ष 10वें संस्करण के अंतर्गत हिन्दी साहित्य सम्मेलन ‘साहित्य स्पृहा’ प्रतिष्ठित वैल्हम गर्ल्स स्कूल, देहरादून और साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कर रहा है।
22-23 अगस्त को वैल्हम गर्ल्स स्कूल में आयोजित होने वाले इस साहित्यिक संगम में देशभर के प्रसिद्ध लेखक, अनुवादक, विचारक, चिंतक भाग लेंगे। वैली ऑफ़ वर्डस बुक अवार्ड्स 2026 के लिए हिन्दी कथा, हिन्दी कथेतर और हिन्दी अनुवाद की तीन श्रेणियों में से प्रत्येक में चुनी गई सर्वश्रेष्ठ 5 कृतियों के रचनाकार, अनुवादक स्वयं इस कार्यक्रम में भाग लेंगे और उनकी उत्कृष्ट चयनित कृतियों पर संवाद करेंगे।
इनमें जितेन ठाकुर, मनीषा कुलश्रेष्ठ, प्रतिभा कटियार, अभय कुमार ठाकुर, विनय कुमार, दिनकर कुमार, अम्बर पाण्डेय, देवेन्द्र मेवाड़ी, कुमारी रोहिणी, मुज्तबा ख़ान, नवनीत नीरव, शुचिता मीतल जैसे साहित्यिक जगत के प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं।

कार्यक्रम के विषय में VoW के संस्थापक निदेशक डॉ. संजीव चोपड़ा ने कहा, “वैल्हम गर्ल्स स्कूल और साहित्य अकादमी के साथ मिलकर ‘साहित्य स्पृहा’ में उत्कृष्ट लेखन और अनुवाद को मंच प्रदान करने के लिए VoW उत्सुक है। इसकी थीम साहित्य स्पृहा -‘शब्दों से आगे, विचारों तक’ VoW के मूल दर्शन को प्रतिबिंबित करती है, क्योंकि मानव सभ्यता ने अपने विचारों और सृजनात्मक अभिव्यक्ति को सबसे ज़्यादा शब्दों के माध्यम से ही व्यक्त किया है।”

वैल्हम गर्ल्स स्कूल की प्राचार्या श्रीमती विभा कपूर ने कहा, “साहित्य स्पृहा’ की मेजबानी ‘यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, देहरादून शाखा’ के साथ मिलकर करना हमारे लिए अत्यंत प्रसन्नता और गौरव का विषय है। हिन्दी हमारी सांस्कृतिक चेतना, संवेदना और समृद्ध साहित्यिक परंपरा की सशक्त वाहक है। वैल्हम गर्ल्स स्कूल हिंदी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और उन्नयन के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। वैल्हम साहित्य स्पृहा 2026 का यह आयोजन हमारी इसी निष्ठा और समर्पण का परिचायक है।हमें विश्वास है कि यह आयोजन साहित्यकारों, शिक्षाविदों, पाठकों, और युवा पीढ़ी को एक साझा मंच पर लाकर, सार्थक साहित्यिक संवाद को नई ऊर्जा देगा।“

शब्द, विचार, पुस्तकों और सार्थक संवाद को समर्पित वैली ऑफ वर्ड्स, वैल्हम गर्ल्स स्कूल एवं साहित्य अकादमी ‘साहित्य स्पृहा’ में आमंत्रित सभी लेखकों, साहित्यकारों एवं साहित्य-प्रेमियों का हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *