
योगी आदित्यनाथ की माता को सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताया शोक
हरिद्वार में शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर होता है। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
