राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया उम्मीदवार, चौंकाया केंद्रीय नेतृत्व का फैसला

Slider उत्तराखंड

देहरादून:

 उत्तराखंड में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने दिनेश आर्य को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने 4 अक्टूबर को उनके नाम पर मुहर लगाई।

दिनेश आर्य हल्द्वानी से ताल्लुक रखते हैं। वर्तमान में वह राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष के दायित्व पर हैं। इससे पहले वह नैनीताल भाजपा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा में कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में थे। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व की ओर से दिनेश आर्य के नाम की घोषणा ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को तेज कर दिया है। पार्टी ने कुमाऊं क्षेत्र से आने वाले अपने संगठनात्मक पृष्ठभूमि वाले नेता पर भरोसा जताया है।

उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव होना है। केंद्रीय चुनाव समिति से उम्मीदवार के नाम को मंजूरी मिलने के बाद अब दिनेश आर्य भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में होंगे।

भाजपा ने उत्तराखंड के साथ पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए भी अपने प्रत्याशी का ऐलान किया है। पश्चिम बंगाल से पार्टी ने रुक्मिणी मल्लिक, जिन्हें कोयल मल्लिक के नाम से भी जाना जाता है, को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा की ओर से दोनों राज्यों के उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *