
देहरादून:
उत्तराखण्ड क्षत्रिय कल्याण समिति (पंजी.), देहरादून का ‘रजत जयंती समारोह’ आज रविवार को बद्रीपुर, जोगीवाला स्थित रावत फार्म हाउस में अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। वर्ष 2001 में स्थापित इस समिति के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों एवं विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योग्यता रखने वाले श्रेष्ठजनों को सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता पीठाधीश्वर शंकर मठ आश्रम (रुड़की, हरिद्वार) स्वामी दिनेशानन्द भारती जी ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में स्वामी जी ने क्षत्रिय समाज के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराते हुए कहा कि “पृथ्वी पर ईश्वर ने जब भी अत्याचारों के नाश और जगत कल्याण के लिए अवतार लेना चाहा, तो उन्होंने क्षत्राणी के गर्भ को ही चुना। हमें ईश्वर के उस चुनाव की लाज और मर्यादा को सदैव बनाए रखना चाहिए।”
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (पंतनगर) के पूर्व कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने समाज के नैतिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “क्षत्रिय का सबसे बड़ा गुण ‘निष्ठा’ है। अपने कर्तव्य, समाज और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा ही हमारी वास्तविक पहचान है।”
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हिमगिरी विश्वविद्यालय (देहरादून) के पूर्व कुलपति एवं गढ़वाल विश्वविद्यालय (श्रीनगर) से जुड़े रहे शिक्षाविद डॉ. सतीश चन्द्र बागड़ी ने युवाओं के भविष्य और वर्तमान शिक्षा प्रणाली पर महत्वपूर्ण विचार रखे। उन्होंने कहा कि बदलते दौर के साथ उच्च शिक्षा में आमूलचूल परिवर्तन हो रहे हैं—हाल ही में चाइना ने अपने विश्वविद्यालय स्तर पर लगभग 10,000 पुराने पाठ्यक्रमों को समाप्त कर उतने ही नए आधुनिक कोर्स लागू किए गए हैं। डॉ. बागड़ी ने जोर देते हुए कहा कि आज की शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित न रहकर ‘जॉब ओरिएंटेड’ और ‘स्किल ओरिएंटेड’ होनी चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को केवल किताबों के बजाय ‘केस स्टडी’ के माध्यम से पढ़ाना सिखाएं, ताकि युवाओं में डिग्री के साथ-साथ ‘प्रॉब्लम सॉल्विंग नेचर’ (समस्या समाधान की प्रवृत्ति) विकसित हो सके। उन्होंने समिति से कहा कि समिति प्लेसमेंट सेल का गठन और साथ ही नशामुक्ति का विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए ।
समारोह में विशेष रूप से उपस्थित पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री शूरवीर सिंह सजवान ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए सभी लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर संगठित होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल एवं संयुक्त संचालन जयमल सिंह नेगी तथा समिति के महासचिव सोहन सिंह नेगी द्वारा किया गया। समारोह में समिति के अध्यक्ष दिगम्बर सिंह नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविन्द सिंह बिष्ट, कनिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, सहायक महासचिव विक्रम सिंह, संगठन सचिव चन्द्रपाल सिंह, सांस्कृतिक सचिव परमेश्वरी देवी मीडिया प्रभारी गजपाल सिंह रावत सहित समस्त कार्यकारिणी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सहभोज के साथ हुआ।
