
देहरादून स्थित द इरुडिशन स्कूल में चौथा वार्षिक समारोह उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘लिंग भेदभाव एवं बालिका सशक्तिकरण’ रखी गई, जिसके माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति भेदभाव और लैंगिक असमानता जैसे गंभीर मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. अमनदीप कौर ने बताया कि इस वार्षिक समारोह का शिक्षक और विद्यार्थी पूरे साल बेसब्री से इंतजार करते हैं।
कार्यक्रम में 2 से 7 वर्ष तक के नन्हे विद्यार्थियों ने शानदार नृत्य, गायन और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से नाटक के जरिए उस सामाजिक मानसिकता को दर्शाया गया, जिसमें दो बेटियों के जन्म के बाद भी माता-पिता बेटे की चाह रखते हैं और बेटियों को बोझ समझकर उनकी शिक्षा एवं भविष्य को नजरअंदाज करते हैं। प्रस्तुति के माध्यम से संदेश दिया गया कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं और उन्हें भी समान अवसर, सम्मान एवं अधिकार मिलने चाहिए।
डॉ. अमनदीप कौर ने कहा कि अभिभावकों की उपस्थिति बच्चों का उत्साह बढ़ाती है और उन्हें हर साल कुछ बेहतर करने की प्रेरणा देती है। साथ ही अभिभावकों से मिलने वाला फीडबैक स्कूल के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। समारोह में बच्चों की प्रस्तुतियों ने न केवल दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि समाज को बालिका सम्मान और समानता का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।
