पीआरडी स्वयंसेवकों को समान रूप से 300 दिवस रोजगार उपलब्ध कराने की मांग

Slider उत्तराखंड

देहरादून

प्रदेश की युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या की अध्यक्षता में आज सचिवालय स्थित एफ०आर०डी०सी० सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में पीआरडी संगठन के पदाधिकारियों द्वारा सभी स्वयंसेवकों को रोजगार के समान अवसर उपलब्ध कराने के संबंध में महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।

बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने अवगत कराया कि वर्तमान में कुछ पीआरडी स्वयंसेवकों को वर्षभर 365 दिवस ड्यूटी उपलब्ध हो रही है, जबकि अन्य स्वयंसेवकों को अपेक्षाकृत कम दिवसों का रोजगार प्राप्त हो रहा है।

संगठन के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्ताव रखा गया कि वर्तमान में 365 दिवस ड्यूटी कर रहे स्वयंसेवकों की ड्यूटी भी अधिकतम 300 दिवस निर्धारित की जाए तथा उनके सेवायोजन में लगभग दो माह का सेवा-विराम (सर्विस ब्रेक) रखते हुए सभी पात्र पीआरडी स्वयंसेवकों को समान रूप से 300 दिवस रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।

प्रतिनिधियों ने कहा कि इस व्यवस्था से उपलब्ध ड्यूटी का न्यायसंगत वितरण किया जा सकेगा तथा अधिक संख्या में पीआरडी स्वयंसेवकों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकेंगे।

संगठन के पदाधिकारियों द्वारा यह भी अनुरोध किया गया कि जब तक सभी पीआरडी स्वयंसेवकों को 365 दिवस नियमित रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू नहीं हो जाती, तब तक अंतरिम व्यवस्था के रूप में सभी पात्र स्वयंसेवकों के लिए समान रूप से 300 दिवस रोजगार तथा शेष अवधि में सेवा-विराम की व्यवस्था पर विचार किया जाए।

बैठक में वित्त विभाग से श्री दिलीप जावलकर, विशेष प्रमुख सचिव, युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग श्री अमित कुमार सिन्हा तथा निदेशक, युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल दीप्ति सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं पीआरडी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव एवं रोजगार संबंधी विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *