हेलीकॉप्टर हादसा: केदारनाथ धाम से आ रहे श्रद्धालुओं की यात्रा बनी अंतिम यात्रा, जंगल में क्रैश से सात की मौत

Slider उत्तराखंड चारधाम

 केदारनाथ से गुप्तकाशी  जा रहा हेलीकॉप्टर गौरीकुंड- सोनप्रयाग के बीच दुर्घटनाग्रस्त, तकनीकी खराबी और खराब मौसम को बताया गया कारण

रुद्रप्रयाग, 15 जून 2025:

केदारनाथ धाम की ओर तीर्थयात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा जीवन की अंतिम यात्रा बन गई। आज सुबह केदारनाथ धाम से गुप्तकाशी जा रहा आर्यन एविएशन का एक हेलीकॉप्टर गौरीकुंड और सोनप्रयाग के बीच एक घने जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना सुबह 5.30 बजे की बताई जा रही है।

इस हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक दो वर्षीय बालिका की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना का विवरण:

केदारनाथ धाम तक की यह मात्र 10 मिनट की हवाई यात्रा थी, जिसमें आर्यन एविएशन का यह हेलीकॉप्टर छह यात्रियों को लेकर केदारनाथ से रवाना हुआ था। लेकिन रास्ते में तकनीकी खराबी और खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों, जो जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने गए थे, ने सबसे पहले दुर्घटनास्थल को देखा और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

उत्तराखंड पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) डॉ. वी मुरुगेशन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी यात्री केदारनाथ दर्शन के लिए जा रहे थे। यह केदारनाथ धाम के कपाट खुलने (2 मई 2025) के बाद अब तक का पांचवां हेलीकॉप्टर हादसा है, जो हवाई सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

दुर्घटना में मृतकों की सूची:

1. कैप्टन राजबीर सिंह चौहान(पायलट) – जयपुर निवासी

2. विक्रम रावत, बीकेटीसी, निवासी रासी, ऊखीमठ

3. विनोद देवी, उत्तर प्रदेश, उम्र 66 वर्ष

4. तृष्टि सिंह, उत्तर प्रदेश, उम्र 19 वर्ष

5. राजकुमार सुरेश जायसवाल, निवासी गुजरात, उम्र 41 वर्ष

6. श्रद्धा राजकुमार जायसवाल, निवासी महाराष्ट्र

7. काशी, महाराष्ट्र निवासी, बालिका, उम्र 2 वर्ष (गंभीर रूप से घायल)

प्रशासन ने किया जांच का आदेश:

राज्य सरकार ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और केदारनाथ यात्रा मार्ग पर उड़ान सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *