देहरादून’:
संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार गैरोला ने श्री नेपाली संस्कृत उत्तर मध्यमा विद्यालय का निरीक्षण किया प्रातः 9.30 बजे सचिव विद्यालय की प्रार्थना सभा में पहुँचे। विद्यालय के प्रधानाचार्य डाँक्टर ओम प्रकाश पूर्वाल प्रबंधक ललित डंग, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष कपिल चौपडा एवं समस्त अध्यापकों ने उनका स्वागत अभिनन्दन किया।
इसके पश्चात उन्होंने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार की पहल पर अब संस्कृत विद्यालयों में विज्ञान एवं गणित विषयों को भी पूर्व मध्यमा से पढाया जा रहा है जिससे की उत्तर मध्यमा अर्थात 12 वीं के संस्कृत छात्र भी इंजीनियरिंग हेतु JEE एवं चिकित्सा शिक्षा हेतु NEET की प्रवेश परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
उन्होंने प्रबंधन से आग्रह किया कि संस्कृत शिक्षा विभाग द्वारा प्रोत्साहित मंत्र चिकित्सा हेतु आगे आयें एवं संस्कृत धर्म ग्रंथों में उल्लेखित मंत्रों का रोगियों पर अध्ययन कर शोध को सिद्ध करने में सहायता करें जिससे विश्व में भी हमारे मंत्रों के ज्ञान का डंका बज सके।
उन्होनें हमारे संस्कृत शास्त्रों में निहित प्रज्ञा चक्षु विद्या को भी संस्कृत विद्यार्थियों के माध्यम से जन जन तक प्रसारित करने की प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य को सलाह दी ।
उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए द्विभाषी नाम पट्टिका, गार्गी छात्रवृति, प्रतियोगिता परीक्षाओं हेतु निःशुल्क कोचिंग एवं संस्कृत ग्रामों के बारे में विस्तार से बताया. साथ ही प्रबंधन एवं शिक्षकों से आह्वान किया कि आसपास की मलिन बस्तियों में कैम्प लगवाकर अनुसूचित जाति/जनजाति के बच्चों के अभिभावकों को प्रेरित करें एवं उन्हें बताएं कि उनके बच्चों हेतु सरकार ने डाक्टर भीमराव अम्बेडकर छात्रवृत्ति की भी व्यवस्था की है।
साथ ही साथ प्रत्येक दिवस, कक्षा समाप्ति उपरांत संस्कृत संभाषण शिविर लगाने का भी अनुरोध किया।
उन्होंने छात्रों से संस्कृत के साथ-साथ एक विदेशी भाषा सीखने को भी प्रेरित किया जिससे संस्कृत शास्त्रों के गूढ़ ज्ञान को अनुवाद कर विश्व समुदाय तक हम पहुँचा सकें।
उन्होंने कहा कि विभाग संस्कृत शिक्षा के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस शुभ अवसर पर उन्होंने विद्यालय की प्रार्थना सभा में होने वाली गतिविधियों की सराहना की एवं सभी छात्रों को शुभकामनाएं दी।
इस शुभ अवसर पर अनुसूया प्रसाद सुन्दरियाल,
शान्ति प्रसाद डंगवाल, वीजेन्द्र मौर्य, कामेश्वर लसियाल, विपिन बहुगुणा,सुभाष चन्द्र डोभाल, हर्षपति धस्माना ,श्रीमती पूनम खरोला, श्रीमती प्रियंका सेमवाल, सुभाष प्रसाद नौटियाल सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
