भिकियासैंण–रामनगर मार्ग पर बड़ा हादसा, खाई में गिरी परिवहन निगम की बस, 6 की मौत
उत्तराखंड परिवहन निगम की एक यात्री बस भिकियासैंण से रामनगर की ओर जाते समय विनायक क्षेत्र में भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में करीब 17–18 यात्री सवार थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बस खाई में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में 6 यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए भिकियासैंण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद अल्मोड़ा में भिकियासैंण से रामनगर जा रही बस के भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल सभी यात्रियों को त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है तथा गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार हेतु उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं इस पूरे प्रकरण की लगातार निगरानी कर रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
