लैंसडाउन :
लैंसडाउन से विधायक दिलीप सिंह रावत ने आरोप लगाया है कि रामनगर के कुछ प्रभावशाली व्यवसायी नहीं चाहते कि पाखरो-लैंसडाउन गेट पूरी तरह खोला जाए। उनका कहना है कि यदि यह गेट सक्रिय हो जाता है, तो कॉर्बेट आने वाले पर्यटकों का बड़ा हिस्सा लैंसडाउन की ओर रुख करेगा, जिससे स्थानीय पर्यटन और व्यापार को नई पहचान मिलेगी। विधायक के अनुसार, इन व्यापारियों को केंद्र के बड़े नेताओं का समर्थन प्राप्त है, जिसके चलते लंबे समय से यह मामला अटका हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि उत्तराखंड और केंद्र, दोनों जगह BJP सरकार होने के बावजूद अब तक इस मुद्दे का समाधान क्यों नहीं हो पाया।
विधायक ने कहा कि पाखरो गेट खुलने से लैंसडाउन क्षेत्र में होटल, टैक्सी, गाइड और छोटे कारोबारों में बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। वर्तमान में कॉर्बेट पर्यटन का अधिकांश दबाव रामनगर पर केंद्रित है, जबकि लैंसडाउन गेट खुलने से पर्यटकों को नया और शांत विकल्प मिलेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि व्यापारिक हितों और लॉबिंग के कारण क्षेत्र के विकास को रोका जा रहा है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या स्थानीय जनता के हितों को कुछ चुनिंदा व्यापारियों के मुनाफे की भेंट चढ़ाया जा रहा है, और क्या प्रशासन इस पर कोई स्पष्ट जवाब देगा ?
