चमोली में निर्माणाधीन टनल में मलबा-पानी घुसने से हादसा, नौ मजदूरों की मौत

Slider उत्तराखंड

चमोली।

उत्तराखंड के चमोली जिले में विष्णुगाड–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में अचानक भारी मात्रा में मलबा और पानी घुसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के दौरान टनल में काम कर रहे मजदूर अंदर फंस गए। घटना में करीब नौ मजदूरों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई मजदूरों की तलाश अब भी जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और टनल में फंसे अन्य मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास तेज किए गए हैं। प्रशासन और परियोजना प्रबंधन की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

टीएचडीसी के प्रोजेक्ट निदेशक शरद कुमार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। उन्होंने कहा कि सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना पहली प्राथमिकता है और इसके लिए उपलब्ध सभी संसाधनों को पूरी तरह लगाया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी तथा घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी। प्रोजेक्ट की मैनेजमेंट टीम भी राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तरह जुटी हुई है। प्रशासन के साथ समन्वय कर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

टीएचडीसी ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास पूरे नहीं हो जाते।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *