
देहरादून में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत का नाम लेकर संपत्ति हड़पने का आरोप, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
देहरादून। राजधानी देहरादून में संपत्ति विवाद का एक मामला सामने आया है। देहरादून निवासी हरि ओम सहगल ने एक महिला पर मारपीट, उत्पीड़न और उनकी संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। हरि ओम सहगल का दावा है कि जसवीर कौर आनंद नाम की महिला, जिसे सोनिया आनंद रावत के नाम से भी जाना जाता है, ने कथित तौर पर खुद को पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी बताया था। हालांकि, पीड़ित ने महिला की वास्तविक पहचान और स्थिति को लेकर अनिश्चितता भी जताई है।
हरि ओम सहगल के अनुसार, यह मामला वर्ष 2021 का है। उनका आरोप है कि उन्होंने अपनी संपत्ति 56 लाख रुपये में बेची थी, जबकि उस समय संपत्ति की वास्तविक बाजार कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक और सरकारी मूल्यांकन के अनुसार 1.25 करोड़ रुपये से ज्यादा थी। इसके बावजूद उन्हें पूरी रकम नहीं मिली।
पीड़ित का कहना है कि संपत्ति के सौदे के दौरान उन्हें कुल 12.8 लाख रुपये ही प्राप्त हुए, जिनमें 2.8 लाख और 10 लाख रुपये के भुगतान के चेक क्लियर हुए, जबकि शेष भुगतान के लिए दिए गए चेक बाउंस हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न भी किया गया तथा उनकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया गया।
मामले को लेकर हरि ओम सहगल ने एसएसपी देहरादून से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखी है। उनके मुताबिक, एसएसपी ने मामले की जांच कराने और एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।
