2027 चुनाव से पहले कांग्रेस में सीटों की हलचल, सहसपुर में हरक सिंह रावत की सक्रियता से बढ़ी सियासी चर्चाएं
देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय है, लेकिन कांग्रेस के भीतर संभावित सीटों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। देहरादून की सहसपुर विधानसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. हरक सिंह रावत की बढ़ती सक्रियता ने पार्टी के भीतर सियासी चर्चाओं को हवा दे दी है। माना जा रहा है कि उनकी लगातार जनसंपर्क यात्राओं से सहसपुर सीट पर दावेदारी को लेकर कयास तेज हो गए हैं।
डॉ. हरक सिंह रावत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्होंने सहसपुर विधानसभा के टिमली, मटक माजरी, कुल्हाल, कुंजाग्रांट, शाहपुर कल्याणपुर, हसनपुर, सभावाला, चांदपुर और होरावाला क्षेत्रों का दौरा कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और बुद्धिजीवियों से संवाद किया।
https://www.facebook.com/share/p/1Ggy1QgTEW/
उन्होंने दावा किया कि जनसंवाद के दौरान प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों, जनहित के मुद्दों और उत्तराखंड में परिवर्तन की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने लोगों से विकास, पारदर्शिता और जवाबदेह शासन के लिए कांग्रेस का साथ देने की अपील भी की।
अपने पोस्ट में हरक सिंह रावत ने कहा कि क्षेत्रवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का समर्थन इस बात का संकेत है कि उत्तराखंड की जनता सकारात्मक बदलाव चाहती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाते रहेंगे और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे।
हालांकि, कांग्रेस की ओर से सहसपुर विधानसभा सीट को लेकर अभी किसी भी उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन हरक सिंह रावत की बढ़ती सक्रियता को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं और इसे 2027 के चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।
