आंध्र प्रदेश में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, 10 नए संक्रमित मिले, कुल मरीज 49, चार मौतें
आंध्र प्रदेश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। शनिवार (25 जुलाई) को कोविड-19 के 10 नए मामले दर्ज किए गए, जिसके बाद राज्य में कुल सक्रिय और दर्ज मामलों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है। अब तक संक्रमण से चार लोगों की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नए मामलों में तीन गुंटूर, दो एनटीआर और एक-एक मामला अल्लूरी सीताराम राजू, एलुरु, कृष्णा, तिरुपति और विशाखापत्तनम जिलों से सामने आया है। अब तक राज्य में 302 नमूनों की जांच की जा चुकी है।

फ़ोटो: AI द्वारा
जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो पूर्वी गोदावरी में सबसे अधिक 11 मामले दर्ज हुए हैं। इसके बाद गुंटूर में 9, वाईएसआर कडपा में 8, विशाखापत्तनम में 5, एनटीआर जिले में 3 तथा काकीनाडा, एलुरु और बापटला में 2-2 मामले सामने आए हैं। अन्य जिलों में एक-एक संक्रमित मिला है।
संक्रमित 49 मरीजों में से 24 अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 16 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं। अब तक पांच मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। इनमें तीन वाईएसआर कडपा, एक गुंटूर और एक एलुरु जिले का मरीज शामिल है।
राज्य में कोविड-19 से अब तक चार मौतें दर्ज की गई हैं, जिनमें तीन वाईएसआर कडपा और एक काकीनाडा जिले से संबंधित है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पूरे राज्य में कोविड-19 की निगरानी तेज कर दी गई है। त्वरित प्रतिक्रिया दल (रैपिड रिस्पॉन्स टीम) संक्रमित मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखने के साथ-साथ उनके संपर्कों की पहचान कर रहे हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी माध्यमिक और तृतीयक अस्पतालों में कोविड-19 के लिए समर्पित आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं तथा दवाइयों, पीपीई किट और जांच किट का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
