पीएम मोदी की अपील:- पेट्रोल, डीजल कम खर्च करे व सोना एक साल तक न लेने सलाह

Slider उत्तराखंड

हैदराबाद :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में अपने संबोधन के दौरान देशवासियों से ऊर्जा बचत, आत्मनिर्भरता और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की बड़ी अपील की। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों, सप्लाई चेन में बाधाओं और अंतरराष्ट्रीय तनावों के बीच भारत को मजबूत बनाए रखने के लिए हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।

पीएम मोदी ने कहा कि देशभक्ति केवल सीमा पर बलिदान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि कठिन समय में जिम्मेदारी निभाना और देशहित में छोटे-छोटे योगदान देना भी सच्ची राष्ट्रसेवा है।

उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्राथमिकता देने, कार-पूलिंग अपनाने और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ाने की अपील की। साथ ही सामान ढुलाई के लिए रेलवे ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने कोरोनाकाल के दौरान अपनाए गए प्रभावी उपायों को फिर से लागू करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस और वर्चुअल मीटिंग्स के जरिए ईंधन और संसाधनों की बचत की जा सकती है।

विदेशी मुद्रा बचाने के उद्देश्य से पीएम मोदी ने गैर-जरूरी विदेश यात्राओं, विदेशी छुट्टियों और विदेश में होने वाले समारोहों से बचने की अपील की। उन्होंने देशवासियों से घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने और अगले एक वर्ष तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से परहेज करने का भी अनुरोध किया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर देते हुए मेड-इन-इंडिया उत्पादों को अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तुओं में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देना देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।

कृषि क्षेत्र के लिए पीएम मोदी ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों का उपयोग 50 प्रतिशत तक कम करने, प्राकृतिक खेती अपनाने और सोलर पावर से चलने वाले सिंचाई पंपों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी की सेहत सुधरेगी और आयात पर निर्भरता भी घटेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *