देहरादून-ऋषिकेश चार लेन परियोजना पेड़ कटाई पर सीएम धामी ने लगाई रोक

Slider उत्तराखंड

देहरादून:

देहरादून-ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना के तहत सात मोड़ के पास पेड़ों की कटाई का स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों द्वारा लगातार विरोध किए जाने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लेते हुए पेड़ों की कटाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट X पर कहा कि परियोजना से जुड़े सभी पक्षों की चिंताओं और सुझावों का गंभीरता से संज्ञान लिया गया है।

https://x.com/i/status/2078410850000670825

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की यह महत्वपूर्ण परियोजना उच्च न्यायालय के निर्देशों और सभी आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियों के अनुरूप आगे बढ़ाई जा रही थी। उन्होंने बताया कि परियोजना में वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए करीब 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट का भी प्रावधान किया गया है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि विकास आवश्यक है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। उन्होंने प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को सभी हितधारकों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के साथ पुनः विस्तृत संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सभी पक्षों के बीच संतोषजनक सहमति और विश्वास का माहौल नहीं बन जाता, तब तक परियोजना के अंतर्गत आने वाले पेड़ों की कटाई स्थगित रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *