राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के आगामी सत्र को प्रारंभ किए जाने से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर बैठक की गई

Slider उत्तराखंड

हल्द्वानी: 

उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के कुलपति अमित कुमार सिन्हा द्वारा विश्वविद्यालय के आगामी सत्र को प्रारंभ किए जाने से संबंधित आवश्यक बैठक कॉन्फ्रेंस हॉल में आहूत की गई । जिसमें विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र प्रारम्भ किए जाने हेतु आवश्यक निर्माण कार्यों, पाठ्यक्रम संरचना, प्रचार प्रसार एवं ब्रांडिंग, खेल विज्ञान प्रयोगशाला हेतु आवश्यक उपकरणों की सूची, वन भूमि पर किए जाने वाले कार्यों की अद्यतन स्थिति एवं आवश्यक कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा की गई तथा कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर धरातल पर उतारने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

इसके उपरांत कुलपति महोदय द्वारा शिक्षण कक्ष निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, खेल विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय कक्ष स्थल, जिम्नेजियम कक्ष आदि हेतु उपर्युक्त चयनित स्थल का निरीक्षण किया। तत्पश्चात वन भूमि में चल रहे समतलीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय परिसर में क्रीड़ा मैदान, प्रशासनिक भवन, छात्रावास, ओपन एम्फीथिएटर, आवासीय परिसर एवं अन्य अवस्थापनाओं के लिए निर्धारित स्थलों का उपलब्धता एवं भौगोलिक स्थिति के अनुरूप मूल्यांकन किया। इसके उपरांत, कुलपति श्री सिन्हा द्वारा गौला नदी की ओर निर्मित की जा रही रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) के कार्य प्रगति का भी जायजा लिया गया।

भौतिक निरीक्षण के पश्चात कुलपति महोदय ने खेल संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात कर खेल प्रदर्शन में सुधार हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कुलपति महोदय द्वारा विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर सभी से पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया।इस दौरान उप निदेशक खेल रशिका सिद्दीकी ,जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, सहायक विशेष कार्याधिकारी कुलपति वरुण बेलवाल, मॉडर्न पेंटाथलन के सचिव दयाल फर्स्वाण, अंकुश रौतेला, रितिका जोशी, गोविंद लटवाल एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *