नैनीताल :
उत्तराखण्ड शासन के सचिव, संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग, दीपक गैराला द्वारा आज जनपद नैनीताल के विकासखण्ड कोटाबाग स्थित संस्कृत ग्राम पाण्डेगांव का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर सम्पूर्ण ग्राम में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला। ग्रामवासियों, महिलाओं एवं बच्चों द्वारा सचिव महोदय का पारम्परिक एवं भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ ग्राम के बच्चों द्वारा संस्कृत भाषा में स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया गया। बच्चों ने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का सस्वर पाठ किया तथा विभिन्न संस्कृत स्तुतियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ग्राम की महिलाओं ने पारम्परिक वेशभूषा धारण कर अतिथियों का स्वागत किया। विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह रहा कि संस्कृत ग्राम पाण्डेगांव में बच्चे, महिलाएं एवं ग्रामीण सामान्य व्यवहार में संस्कृत भाषा का प्रयोग करते हैं, जो संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है।
इस अवसर पर बच्चों द्वारा अनेक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए तथा ग्रामवासियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान संस्कृत भाषा एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।
अपने संबोधन में सचिव महोदय दीपक गैराला ने ग्रामवासियों द्वारा संस्कृत भाषा के प्रति प्रदर्शित समर्पण एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि संस्कृत हमारी संस्कृति, परम्परा एवं ज्ञान-विज्ञान की मूल भाषा है तथा उत्तराखण्ड की द्वितीय राजभाषा होने के कारण इसका संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा को सुनकर, बोलकर एवं व्यवहार में लाकर सहज रूप में सीखा जा सकता है।
सचिव महोदय ने राज्य सरकार द्वारा संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि संस्कृत शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु “गार्गी छात्रवृत्ति योजना” संचालित की जा रही है। साथ ही संस्कृत शिक्षा प्राप्त कर रही बालिकाओं के लिए हरिद्वार में 150 बेड का बालिका छात्रावास भी प्रारम्भ किया गया है। उन्होंने ग्रामीणों को रेडियो के माध्यम से प्रसारित होने वाले संस्कृत समाचार सुनने हेतु भी प्रेरित किया, जिससे संस्कृत भाषा सीखने में सहायता मिल सके।
ग्राम प्रधान प्रभा पाण्डे ने संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार हेतु आवश्यक संसाधनों की आवश्यकता बताई, जिस पर सचिव महोदय दीपक गैराला ने ग्राम को हरसंभव सहयोग एवं पूर्ण मदद का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन संस्कृत प्रशिक्षक दीपक पाण्डे द्वारा किया गया। सहायक निदेशक, संस्कृत शिक्षा नैनीताल यशोदा प्रसाद सेमल्टी ने सचिव महोदय एवं समस्त आगंतुकों का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान प्रभा पाण्डे द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी श्वेता सैनी, डॉ. हरिचन्द्र गुरूरानी, उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थान के शोध अधिकारी, दुर्गादत्त कपिलाश्रमी, सं.उ.म.वि. हल्द्वानी के प्रभारी प्रधानाचार्य राजेन्द्र भट्ट, सहायक अध्यापक प्रकाश रूवाली, सनातन धर्म सं.उ.म.वि. हल्द्वानी से डॉ. नारायण दत्त थुवाल, कृष्ण चन्द्र जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
